श्री भूपेंद्र यादव ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के साथ इंदौर, मध्य प्रदेश में विशाल वृक्षारोपण अभियान “एक पेड़ माँ के नाम” में भाग लिया
केंद्रीय पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्री श्री भूपेंद्र यादव ने मध्य प्रदेश के इंदौर में बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण अभियान “एक पेड़ मां के नाम” में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और अन्य राज्य मंत्रियों और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ भाग लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री भूपेंद्र यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री ने पर्यावरण संरक्षण के लिए एक पेड़ मां के नाम अभियान की शुरुआत की है और प्रत्येक नागरिक से इस अभियान का हिस्सा बनने का आह्वान किया है। श्री यादव ने कहा कि पूरे देश में 140 करोड़ पौधे लगाने का महाअभियान चल रहा है। उन्होंने कहा कि हमें जीवन देने वाली मां का सम्मान करना और प्रकृति के प्रति सम्मान जताते हुए धरती को हरा-भरा बनाने का संकल्प पूरा करना हमारा कर्तव्य है। श्री यादव ने वृक्षारोपण की पहल में मध्य प्रदेश के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि इंदौरवासियों द्वारा स्वच्छ इंदौर के साथ-साथ इंदौर को हरा-भरा बनाने की मुहिम सराहनीय है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्राचीन काल से ही पर्यावरण के महत्व के मामले में इंदौर और उज्जैन का विशेष संबंध रहा है। मां क्षिप्रा का उद्गम इंदौर से होता है। उन्होंने कहा कि इंदौर 7 नदियों का उद्गम स्थल है। देश और दुनिया में इंदौर की विशेष पहचान है। उन्होंने कहा कि इंदौर निश्चित रूप से स्वच्छ शहर के साथ-साथ ग्रीन सिटी में भी नंबर वन बनेगा।
प्रदेश के नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि इंदौर का ग्रीन कवरेज बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि 51 लाख पौधे लगाने के साथ ही उनके संरक्षण के लिए भी विशेष प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि विभिन्न समाज और संगठन पौधे लगाने और उनके संरक्षण की जिम्मेदारी ले रहे हैं।
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान के अंतर्गत वृक्षारोपण कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपनी माता स्व. श्रीमती लीलाबाई श्री पूनमचंद जी यादव की स्मृति में आम का पौधा लगाया। केन्द्रीय मंत्री श्री भूपेन्द्र यादव ने अपनी माता श्रीमती संतरा यादव की स्मृति में आम का पौधा लगाया, नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय ने अपनी माता अयोध्या देवी विजयवर्गीय की स्मृति में आम का पौधा लगाया।
यह भी पढ़ें:
0 टिप्पणियाँ